रुद्रपुर। उसरा बाजार के इंडस्ट्रियल एरिया में बृहस्पतिवार को मिलावटी पनीर पकड़े जाने के बाद देवरिया और रुद्रपुर में दूध व पनीर से जुड़े दुकानदारों में हड़कंप है। राधिका डेयरी में पनीर की बुकिंग कराने वाले दुकानदार सकते में हैं। क्योंकि 22 नवंबर को बहुत अधिक शादियां हैं और लोगों ने महीनों पहले से पनीर व दूध की बुकिंग की थी। खाद्य विभाग ने 10 क्विंटल पनीर नष्ट करा दिया है। ऐसे में डिमांड पूरा करने के लिए दूसरे विकल्प खोजने पड़ेंगे। मां राधिका डेयरी उसरा बाजार में बृहस्पतिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापा मारा तो वहां से करीब 10 क्विंटल नकली पनीर मिला। डेयरी से रुद्रपुर और देवरिया के होटलों में बड़ी मात्रा में पनीर की बुकिंग की जाती है। दुकानदारों की चिंता यह है कि अगर 22 नवंबर की लग्न के लिए पनीर नहीं मिला तो ग्राहक हंगामा करेंगे ही रुपये भी वापस करने पड़ेंगे। रुद्रपुर नगर के बस स्टेशन, मुख्य बाजार, जामुनी चौराहा और खजुहा चौराहे पर पनीर की खेप पहुंचती है। दुकानों से बाइक सवार भी पनीर लेकर ग्रामीणों इलाकों में बेचते हैं।