तरकुलवा। कस्बा से लेकर गांव तक रसोई गैस सिलिंडर के लिए हाहाकार मचा है। गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें दिख रही हैं, लेकिन सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। वहीं, इस किल्लत के बीच बिचौलिए दो से ढाई हजार रुपये में घरेलू गैस सिलिंडर बेच रहे हैं।
हरैया गांव के विनोद शाही का कहना है कि वे लगातार दो दिन नवतप्पी एचपी ग्रामीण गैस वितरक के एजेंसी पर लाइन में लगे रहे, लेकिन अभी तक उनको गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं हुआ है। हरैया की रहने वाली प्रभावती देवी ने बताया कि उनके घर रसोई गैस खत्म हो गई है, मोबाइल से बुकिंग नहीं हो पा रही है। उधर, एजेंसी वाले होम डिलीवरी बंद कर दिए हैं। सोहनरिया के दुकानदार पप्पू गुप्ता ने बताया कि गैस सिलिंडर खत्म हो गया है। घर पर भोजन बनाने में काफी दिक्कत हो रही है। तीन गैस सिलिंडर की बुकिंग किया हूं, लेकिन एक भी नहीं मिला है। नारायणपुर के गोविंद चौहान ने बताया कि महुआ पाटन बाजार में गैस सिलिंडर ब्लैक में बेचा जा रहा है।