बिहार के खगडिया जिले में बेपटरी हुई कटिहार-अमृतसर आम्रपाली एक्सप्रेस छह घंटे देर से देवरिया रेलवे स्टेशन पर पहुंची। उसके सात डिब्बे पटरी से उतर गए थे, जिन्हें अलग कर ट्रेन को रवाना किया गया। इसके चलते देवरिया समेत कई रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन के निरस्त होने को लेकर ऊहापोह की स्थिति रही। शाम को ट्रेन के आने की जानकारी मिलने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली। कटिहार-अमृतसर, आम्रपाली एक्सप्रेस के सात डिब्बे पूर्वी मध्य रेलवे (ईसीआर) के सोनपुर डिवीजन के अंतर्गत पसराहा स्टेशन के पास शनिवार की रात करीब एक बजे पटरी से उतर गए। ट्रेन कटिहार से अमृतसर जा रही थी। रेलवे के मुताबिक, आम्रपाली एक्सप्रेस के पांच स्लीपर कोच और दो एसी कोच बेपटरी हुए थे। संयोग ठीक था कि उस समय ट्रेन की स्पीड धीमी थी। किसी यात्री के घायल होने की कोई सूचना नहीं हैं। पटरी से उतरे डिब्बे इंजन के बाद एसी-दो के ए-1, एसी-3 के बी-1 और स्लीपर कोच के एस-5, एस-6, एस-7, एस-8 और एस-9 हैं। दुर्घटना की वजह से करीब आधा दर्जन ट्रेनों का मार्ग बदल कर उन्हें भागलपुर होते हुए रवाना किया गया। वहीं ट्रेन के आने को लेकर देवरिया रेलवे स्टेशन पर यात्री परेशान रहे। कई यात्रियों ने अपना टिकट वापस कराया। जबकि कई यात्री ट्रेन के आने का शाम तक इंतजार करते रहे। स्टेशन अधीक्षक उदय प्रताप ने बताया कि ट्रेन का समय सुबह 10:45 बजे निर्धारित है। लेकिन छह घंटे देर से आई है। सीपीआरओ पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर संजय यादव ने बताया कि आम्रपाली के जो डिब्बे पटरी से उतर गए थे। उनको वहीं छोड़कर ट्रेन अमृतसर के लिए रवाना की गई।