पुलिस पिकेट से सटे सेंध मारकर दो दुकानों में चोरी
खुखुंदू चौराहे पर घटना को अंजाम देकर चोरों ने दी पुलिस को चुनौती
पीड़ितों ने बृहस्पतिवार को थाना पहुंच कर दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। स्थानीय चौराहे की दो दुकानों में दस हजार रुपये नकदी समेत हजारों रुपये के सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस पिकेट से सटे नकब काटकर चोरों ने पुलिस को चुनौती दी है। बंदी के चलते घटना की जानकारी दुकानदारों को एक दिन बाद हुई। पीड़ितों ने बृहस्पतिवार को थाने पहुंच तहरीर दी है। पुलिस मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की।
नरौली भीखम निवासी रामकृत यादव की इलेक्ट्रिक और अखिलेश मद्धेशिया की किराना की खुखुंदू चौराहे पर दुकान है। इन दिनों कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए एसडीएम के आदेश पर 10 अगस्त से क्षेत्र की सभी दुकानें बंद चल रही हैं। बताया जा रहा है कि इसी बीच चोर रामकृत की दुकान के पीछे नकब काटकर अंदर प्रवेश कर गए। कैश काउंटर से 10 हजार रुपये नकद, तीन चूल्हा, छोटा तीन गैस सिलेंडर, 10 टार्च सहित अन्य इलेक्ट्रिक सामान चुरा ले गए। इसी तरह अखिलेश की किराना की दुकान का ऊपर से टीनशेड तोड़कर चोर दुकान में घुस गए। इसके चलते चोरी गए समानों के अलावा जो बचा है सब भीग कर खराब हो गया। हजारों रुपये का सामान नुकसान हुआ है। इसके पूर्व भी अखिलेश की दुकान को चोर कई बार निशाना बना चुके हैं।
पीड़ित दोनों दुकानदारों का कहना है कि चौराहे पर पुलिस 24 घंटे रहती है। यहां पुलिस पिकेट भी है। बावजूद इसके चोर बेफिक्र होकर घटना को अंजाम देकर निकल लिए। चौराहे पर हुई चोरी पुलिस गश्त की पोल खोल रही है। वैसे इन दिनों क्षेत्र में चोरों की सक्रियता कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है। एसओ श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि जानकारी होते ही मौके पर पहुंच जांच-पड़ताल की गई। केस दर्ज कर चोरों की धर-पकड़ की जाएगी।
ताला तोड़कर दुकान में चोरी
बघौचघाट। पचरुखिया चौराहे पर हार्डवेयर की दुकान का ताला तोड़कर चोर नकदी समेत अन्य समान चुरा ले गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय थाना क्षेत्र के बसडीला जदुघोरी निवासी चन्द्रिका गुप्त पचरुखिया चौराहा पर हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं। बुधवार की देर शाम दुकान बंद कर अपने घर चले गए। बृहस्पतिवार को जब वह दुकान खोलने के लिए आए तो देखे कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। दुकान में रखा समान इधर-उधर बिखरा था और काउंटर में रखे 10 हजार रुपये समेत कुदाल, टोकरी, नट-बोल्ट आदि समान चोरी हो गए थे। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस बाबत थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है।