संवाद न्यूज एजेंसी
पैकौली। कोतवाली थाना क्षेत्र के रुद्रपुर रोड पर मलकौली ब्रह्मस्थान के पास बृहस्पतिवार की रात चोरों ने एक दुकान के शटर का ताला तोड़कर नकदी सहित करीब एक लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी दुकानदार को हुई तो दुकानदार ने तहरीर दी।
सुरौली थाना क्षेत्र के अगया गांव निवासी विजय बहादुर गुप्ता की होल सेल की किराने की दुकान रुद्रपुर रोड पर मलकौली ब्रह्म स्थान के पास है। वह बृहस्पतिवार की शाम को दुकान बंद कर घर चले गए। रात 1:30 बजे तक उन्होंने मोबाइल फोन पर दुकान की लोकेशन देखी थी। उस समय तक कोई बात नहीं थी। इसके बाद चोर शटर का ताला तोड़कर दुकान के काउंटर में रखे 32,000 रुपये, आठ किलो काजू, वाईफाई, तीन सीसीटीवी कैमरा सहित अन्य सामान उठा ले गए। चोरों ने टीवी की स्क्रीन को तोड़ दिया। दुकानदार को सुबह घटना की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन की। दुकानदार ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।