बरहज। नगर के पलिया पेट्रोल पंप के पास से बुधवार को चार पहिया वाहन सवारों द्वारा एक युवक के अपहरण का मामला प्रकाश में आया था। पुलिस की जांच में पता चला कि युवक का अपहरण नहीं हुआ है। उसे मिर्जापुर एसओजी साथ ले गई है। युवक की गलत धंधे में संलिप्तता बताई जा रही है। पुलिस द्वारा युवक का उठाया जाना नगर में चर्चा में है।
गौरा मध्य वार्ड निवासी रितेश जायसवाल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि चचेरे भाई कुछ साथियों के साथ कपरवार मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास गए हुए थे, जहां चारपहिया वाहन से आए पांच लोगों ने उसका अपहरण कर लिया था। जानकारी होने पर बरहज पुलिस सकते में आ गई थी। पुलिस फुटेज आदि निकाल जांच में जुट गई थी। सतेंद्र को पुलिस द्वारा उठाए जाने की जानकारी होने पर लोग हैरत में हैं। इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि सतेंद्र जायसवाल का अपहरण नहीं किया गया है। उसे मिर्जापुर एसओजी द्वारा उठाए जाने की बात सामने आ रही है।