खुखुंदू। थाना क्षेत्र के भटहर गांव में कुछ मनबढ़ों ने 23 वर्षीय युवक को बगीचे में घेरकर मारने लगे। शोर मचाने पर मां बचाव में आई तो उन्हें भी मारा-पीटा गया। आरोप है कि पुलिस को फोन करने के लिए जब पीड़ित ने पाॅकेट से मोबाइल फोन निकाला तो मनबढ़ों ने छीनकर उसे तोड़ डाला। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है।
भटहर मोहल्ला निवासी अजीत गोड़ का कहना है कि गांव के कुछ युवक बीते कई दिन से पिता वसंत गोड़ का नाम लेकर अनाप-शनाप कह रहे थे। विरोध करने पर मारने-पीटने की धमकी दी थी। मंगलवार शाम को घर के पास बगीचे में वह बैठा था। इसी बीच पांच-छह युवक आए और गाली-गलौज करते हुए मारने-पीटने लगे। शोर मचाने पर मां दुलारी देवी बीच-बचाव करने लगी। इस पर हमलावरों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। जांच कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।