खुखुंदू। मगहरा चौराहे पर पिकअप और बाइक की टक्कर के बाद जब पिकअप बिजली के पोल को तोड़ते आगे बढ़ा तो पिकअप में आग लग गई। पोल से टकराने के बाद पिकअप में करंट भी उतर आया। मौके पर पहुंची भीड़ ने पिकअप में फंसी महिला को बाहर निकालने की कोशिश की तो कई लोगों को करंट का झटका लग गया। इससे लोग पीछे हट गए। भीड़ के सामने ही महिला जिंदा धू-धू कर जल गई। मगहरा चौराहे के लोगों को महिला को न बचा पाने का बहुत अफसोस है।
खुखुंदू क्षेत्र के मगहरा चौराहे पर रविवार भोर में करीब 4.56 बजे पिकअप और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। इसके बाद कुछ पल में ही दोनों वाहनों में आग लग गई। टक्कर की तेज आवाज सुनते ही घटनास्थल के पास शिव मंदिर में जुटे श्रद्धालुओं की भीड़ करीब 5.00 बजे मौके पर पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शी सन्नी चौहान, महेंद्र चौहान और राम आधार चौहान के मुताबिक भीड़ सबसे पहले सड़क किनारे अचेतावस्था में पड़े बाइक सवार गिरिजा शंकर मिश्र को साइड में करने के बाद घटना की जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। इस दौरान लोगों को पता चला कि एक महिला पिकअप में फंसी हुई है तो तीन-चार युवकों ने मिलकर पहले महिला को बाहर निकालने का प्रयास किया। हालांकि सभी को करंट का झटका लगा और सब पीछे हट पड़े। इसी बीच 5.10 बजे बाइक की टंकी फट गई और तेज विस्फोट हुआ। इसकी आवाज सुन आसपास गांव के लोग भी मौके पर आ गए। उधर, विस्फोट के बाद भीड़ पीछे हटती गई। लोगों को कुछ सूझ नहीं रहा था। क्योंकि उनकी आंखों के सामने पिकअप में फंसीं महिला रेनू मिश्रा जिंदा ही धू-धू कर जल रही थीं। सुबह 5.12 बजे के करीब हल्के के कुछ पुलिस कर्मी पहुंचे और बचाव में आग की लपटों पर पानी फेंकना शुरू कर दिया। इधर, करीब 5.15 बजे एसओ दिनेश कुमार मिश्र मयफोर्स और फिर कुछ पल में सीओ सलेमपुर मनोज कुमार भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान 5.20 बजे पिकअप का दोनों अगला पहिया ब्लास्ट कर गया गया। जिससे और ज्यादा दहशत फैल गई। लोग घटनास्थल से काफी दूर जाकर खड़े हो गए। सुबह 5.25 पर एक बार फिर पिकअप का पिछला एक और पहिया ब्लास्ट कर गया। बार-बार विस्फोट होने से किसी की हिम्मत नहीं हुई कि वह फिर पास जाए। सुबह 5.40 पर जब फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और सुबह छह बजे तक आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान मगहरा चौराहे पर दहशत का माहौल बना रहा है। आग बुझाने के बाद लोगों ने राहत भरी सांस ली, लेकिन तब तक महिला जिंदा चल चुकी थी।
अगर पेड़ से टकराकर नहीं रुकी होती पिकअप तो और भयावह होते हालात
खुखुंदू। टक्कर मारने के बाद अगर पिकअप बिजली का पोल तोड़ते हुए पेड़ से जाकर नहीं टकराई रहती तो और भयावह हालात हो जाता। मगहरा चौराहे वासियों का कहना है कि पिकअप पेड़ से टकराकर रुक गई। अगर आगे बढ़ी रहती तो कई दुकानों की भारी क्षति हुई रहती। घटना के बाद मगहरा चौराहे पर दिनभर दहशत का माहौल बना रहा। हालांकि पुलिस ने दोपहर तक मौके से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवा दिया था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चौराहे पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ब्रेकर रहा होता तो शायद महिला की जान बच सकती थी।
जान की परवाह किए बगैर हेड कांस्टेबल लगे आग बुझाने
खुखुंदू। हल्के के हेड कांस्टेबल रामनिवास राय मौके पर पहुंचते ही पहले बाल्टी से पानी भरकर आग की लपटों पर फेंकना शुरू किया, लेकिन जब विस्फोट हुआ तो वह भी कुछ पल के लिए सहम गए, लेकिन हिम्मत नहीं हारी और तत्काल एसओ दिनेश कुमार मिश्र की सरकारी गाड़ी लेकर पेट्रोल पंप गए और वहां से आग बुझाने का उपकरण लाकर जान की परवाह किए बगैर स्वयं आग बुझाने लगे। एक तरफ जहां लगातार हो रहे विस्फोट से लोगों में दहशत का माहौल था, वहीं हेड कांस्टेबल की बहादुरी की लोगों ने सराहना भी की।
शिव मंदिर के पुजारी ने फोन कर बंद करवाई बिजली आपूर्ति
खुखुंदू। बाबा पारसनाथ शिव मंदिर मगहरा चौराहे के पुजारी रामा गिरी ने घटना के बाद सतराव विद्युत उपकेंद्र पर फोन कर निगम के कर्मचारियों से बिजली आपूर्ति बंद करवाई। समय रहते अगर बिजली आपूर्ति बंद नहीं करवाई गई होती तो तो कई लोग करंट की चपेट में आ गए रहते।