भागलपुर। सरयू नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव शुरू हो गया है। चार दिन से लगातार बढ़ रहा नदी का जलस्तर बुधवार की रात में करीब 10 सेमी नीचे आ गया था।
बृहस्पतिवार की सुबह जलस्तर में और कमी आने की उम्मीद थी, मगर दोपहर से फिर से पानी बढ़ना शुरू हो गया। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार बृहस्पतिवार की शाम सरयू का जलस्तर 62.30 मीटर रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को नदी का जलस्तर बढ़कर 62 मीटर 38 सेंटीमीटर पर पहुंच गया था।
इसके बाद रात में अचानक पानी घटने लगा और जलस्तर में 10 सेमी की कमी दर्ज की गई। बृहस्पतिवार की सुबह भी नदी का जलस्तर उतर रहा था, मगर दोपहर में अचानक पानी बढ़ने लगा।
शाम चार बजे नदी का जलस्तर दो सेमी बढ़त के साथ 62.30 मीटर पर पहुंच गया। केंद्रीय जल आयोग के जेई राजेश राव ने बताया कि पहाड़ों पर हो रही बारिश की वजह से जलस्तर में उतार-चढाव हो रहा है। अगले 24 घंटे नदी के जलस्तर में वृद्धि होने का अनुमान है।