- रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में किशारी को चाकू मारकर हत्या करने का मामला
- मुख्य आरोपी आदित्य उर्फ शिवम का किशोरी से थी जान-पहचान
देसही देवरिया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की रात 17 वर्षीय किशोरी की चाकू मारकर हुई हत्या की घटना का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। इस मामले में दोनों हत्यारोपियों को रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया था। हत्या में प्रयुक्त चाकू भी पुलिस ने इनके पास से बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी आदित्य उर्फ शिवम का किशोरी से जान-पहचान थी। उसे शक था कि किशोरी किसी अन्य लड़के से भी बात करती है। इसी के चलते दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।
बता दें कि, शनिवार की शाम को नौतन हथियागढ़ गांव की रहने वाली अंजली (17) पुत्री मलखा प्रसाद शनिवार की रात आठ बजे के करीब अपनी बड़ी बहन गुड़िया (19) और छोटे भाई अनीश (12) के साथ सहोदर पट्टी चौराहे पर मोबाइल की रिपेयरिंग की बात कहकर घर से निकली थी। चौराहे से पहले ही आरोपी आदित्य और उसके साथी राकेश ने किशोरी को घेरकर चाकू से वार कर दिया। पुलिस ने रविवार को आदित्य सिंह उर्फ शिवम सिंह और राकेश कुमार गोंड निवासी शहबाजपुर के विरुद्ध हत्या व एससी-एसटी एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर ली।
रामपुर कारखाना थाने के एसओ अश्वनी प्रधान ने बताया कि आरोपी आदित्य की किशोरी से पांच साल से संबंध था। इधर, कुछ दिनों से आदित्य को शक हो गया कि अंजली किसी और लड़के के साथ बात कर रही है। शनिवार को दोनों की आपस में बात हुई। उसने चौराहे के पास मिलने के लिए बुलाया। वहां फिर दोनों में इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद आरोपी ने चाकू से वार कर दिया।
एसओ ने बताया कि हत्याकांड का खुलासा कर दिया गया है। दोनों के बीच पहले प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आरोपी आदित्य को शक हुआ कि प्रेमिका अंजली किसी और से बात करती है। उसने मिलने काे बुलाया और फिर चाकू से वार कर हत्या कर दी।