नगर के सतासी इंटर कॉलेज के 29 शिक्षक और कर्मचारियों को चार माह से वेतन नहीं मिल रहा। विद्यालय में प्रबंधकीय विवाद को लेकर शिक्षक कर्मचारियों का वेतन लटका हुआ है। वेतन के अभाव में उनके घरों मे दशहरा दीपावली और छठ पूजा का त्योहार फीका रहा। बृहस्पतिवार को शिक्षक कर्मचारियों ने प्रधानाचार्य को ज्ञापन देकर वेतन भुगतान कराने की मांग की। उन्होंने पहली तारीख को वेतन नहीं मिलने पर शिक्षण कार्य और निर्वाचन ड्यूटी का बहिष्कार करने की चेतावनी दी।विद्यालय के शिक्षक बैकुंठ नाथ, प्रमोद यादव, योगेंद्र नाथ त्रिपाठी, सुरेंद्र यादव ने बताया कि प्रबंधकीय विवाद को लेकर विद्यालय के 29 शिक्षक और कर्मचारियों का चार माह से वेतन भुगतान नही हो रहा है। वेतन नहीं मिलने से शिक्षक कर्मचारियों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। इस बीच महत्वपूर्ण त्योहारों पर कर्ज लेकर जैसे तैसे काम चलाना पड़ा। वेतन के अभाव में उनके बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रबंध तंत्र के किसी भी विवाद से शिक्षकों का कोई सरोकार नहीं है। नवंबर माह का वेतन नहीं मिला तो विद्यालय का पठन पाठन बंद कर शिक्षक कर्मचारी हड़ताल करेगें। उन्होंने वेतन के अभाव में चुनाव ड्यूटी का बहिष्कार करने की भी चेतावनी दी। इस बाबत प्रधानाचार्य श्रीनारायण पांडेय ने कहा कि शिक्षक और कर्मचारियों के भावनाओं से जिला विद्यालय निरीक्षक को अवगत करा दिया गया है। वेतनअहरण पर अंतिम फैसला जिला विद्यालय निरीक्षक को लेना है।