देवरिया। बीते एक सप्ताह से जिला भीषण ठंड की चपेट में हैं। बुधवार को भी अत्यधिक गलन व सर्द हवाओं के बीच सूरज बादलों की ओट में दुबका रहा। लोग सुबह से रात तक ठिठुरने को मजबूर रहे। शहर से लेकर गांव तक घर-घर में ठंड से बचने के इंतजाम में लोग जुटे रहे।
उधर, जिला प्रशासन ने कक्षा आठवीं तक के सभी बोर्ड के स्कूलों में 18 व 19 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया है। जिले का मौसम बुधवार को भी सताने वाला ही रहा। बर्फीली व सर्द हवाओं के साथ ओस कर बूंदें भी गिरीं।अधिकतम तापमान 19 तो न्यूनतम नौ डिग्री दर्ज किया गया। बीआरडी पीजी कॉलेज में भूगोल विभाग के डॉ. उदयभान ने बताया कि मौसम में यह उतार चढ़ाव अभी तीन- चार दिन तक बना रहेगा।
जिलाधिकारी की अनुमति पर कक्षा एक से आठवीं तक के समस्त बोर्ड के विद्यालय 18 व 19 जनवरी तक बंद रहेंगे। यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा। इस अवधि में शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशक व अन्य कर्मी विद्यालयों में उपस्थित रहकर विभागीय कार्यों के दायित्वों का निर्वहन करेंगे। - .शालिनी श्रीवास्तव, बीएसए