हरियाणा और राजस्थान में लड़कियाें की कमी होने के कारण जिले की युवतियों और किशोरियों की शादी दलाल मोटी रकम लेकर करा रहे हैं। इनके निशाने पर गांव के ऐसे गरीब परिवार हैं जिनके घरों में अधिक लड़कियां हैं। यह अपनी पैठ किसी महिला के जरिए इन परिवारों में बनाते हैं। तंगहाली में जी रहे परिवार को आसानी से बना कर अपने मंसूबे में कामयाब हो जाते हैं।
सूत्रों के अनुसार दलाल शादी का झांसा देकर पहले परिवार को अपने विश्वास में लेते हैं इसके बाद रुपये का लालच अभिभावक को भी देते हैं कि शादी में कोई दान, दहेज या अन्य खर्च नहीं होगा। वर पक्ष ही सारा खर्चा उठाएगा। लड़की सुखी रहेगी और घर परिवार अच्छा है। यहां तक कि लड़के के बारे में यह भी बताया जाता है कि उसकी आय काफी है। घर, परिवार में खेतीबारी है। इन सभी बातों पर सीधे-साधे लोग दलालों के चक्कर में आ जाते हैं। इसके बाद दलालों के माध्यम से लाडली बेटी दलदल में फंस जा रही है।
मानव तस्करी को रोकने के लिए ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना तो स्थापित हो गया है, लेकिन हकीकत यह है कि यह केवल कागजी खानापूर्ति तक ही सीमित रह गया है, क्योंकि दलालों के चंगुल में फंसकर युवतियों और किशोरियों को बेचे जाने की घटना सामने आ रही है, लेकिन थाने को इसकी भनक तक नहीं लग रही है। इससे साफ जाहिर होता है कि इस थाने पर तैनात पुलिस कर्मी अपनी ड्यूटी निष्पक्ष तरीके से नहीं कर रहे हैं। इसके कारण दलालों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
गोपनीय तरीके से करते हैं शादी, रिश्तेदारों को भी नहीं बताते
गैर प्रांत भेजी जाने वाली युवतियों और किशोरियों की शादी दलाल आनन-फानन में कराते हैं। पर इतना जरूर है कि उनकी योजना काफी पहले से रहती है। वह देहात के मंदिर और धर्मशाला को चुनते हैं, जहां पर शादी करा दी जाती है। इस शादी में दलाल और लड़का व लड़की पक्ष ही मौजूद रहता है। यहां ज्यादा लोगाें को नहीं बुलाते हैं कि कहीं राज खुल जाएगा तो शादी में अड़चन आ जाएगी।
शादी का भी नहीं मिल पाता है सबूत
दलालों के जरिए की गई शादियों में सबूत मिलने का बहुत कम मौका रहता है, क्योंकि यह दलाल किसी भी शादी का रजिस्ट्रेशन नहीं कराते हैं। इसके बारे में गरीब परिवार को जानकारी भी नहीं रहती है। जब मामला फंसता है तो परिवार के सामने यह भी दिक्कत आता है कि शादी का क्या प्रमाण है।
लार थाना क्षेत्र के जिस किशोरी के साथ यह घटना हुई है। उस मामले की जांच की जा रही है। नामजद तहरीर मिली है। पीड़िता का मंगलवार को बयान भी दर्ज कराया गया है। मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - राजेश कुमार, प्रभारी एसपी।