भटनी। क्षेत्र में बुधवार की रात हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद बिजली विभाग ने एहतियात के नाम पर दो फीडरों की आपूर्ति बंद कर दी। इससे करीब सौ गांवों में पूरी रात बिजली नहीं रही। इसके चलते उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल रहे। बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। विद्युत निगम के इस लापरवाही से लोगों में नाराजगी है। भटनी क्षेत्र में बिजली कटौती और लो वोल्टेज से लोग परेशान है। दिन भर की ट्रिपिंग और पूरी रात बिजली कटौती से लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। आलम यह है कि हल्की हवा और बारिश से घंटों बिजली काट दी जाती है। इसके बाद अधिकारी व अन्य विद्युत कर्मी मोबाइल स्विच ऑफ कर लेते है।
बुधवार की रात करीब नौ बजे हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। इसके चलते विद्युत निगम के जिम्मेदारों ने देहात और बलुआ अफगान फीडर की आपूर्ति बंद कर दी। इससे इन फीडरों से जुड़े करीब सौ गांवों में अंधेरा छा गया।
बिजली आपूर्ति ठप होने से न सिर्फ घरेलू कार्य प्रभावित हुए, बल्कि इन्वर्टर और मोटर भी जवाब दे गए। उमस भरी गर्मी में लोग रातभर सो नही पाए। लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हल्की बूंदाबांदी में आपूर्ति बंद कर देना आम बात हो गई है। ग्रामीणों ने मांग की कि बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और मामूली मौसम परिवर्तन में बिजली कटौती की आदत पर रोक लगाई जाए। अवर अभियंता प्रमोद कुमार ने बताया कि मौसम खराब होने के कारण कई जगहों पर हाईटेंशन तार से पेड़ की डालियां सटने से आपूर्ति बाधित हो गई थी। पेट्रोलिंग के बाद बृहस्पतिवार सुबह आपूर्ति बहाल कराया गया।