संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। खजुरी करौता मठकेशोराम में आई बरात में कुशीनगर के युवक की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस अब नकाबपोश के गिरफ्त में आने पर ही हत्या का असली राज खुलने की बात कह रही है।
उधर, पुलिस बार-बार वारदात स्थल पर पहुंच साक्ष्यों के जुटाने में लगी है। दूल्हे के पिता दीपक गिरी के करीबी रहे गांव निवासी तेज बहादुर उर्फ राजन यादव की हत्या के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर हत्यारोपियों की तलाश शुरू कर दी। राजन के परिजनों ने जमीन की रंजिश में हत्या करने की बात कही है, वहीं पुलिस इसके अलावा कई और बिंदुओं पर तहकीकात कर रही है। पुलिस चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
तेज बहादुर उर्फ राजन यादव की प्राॅपर्टी डीलिंग के साथ-साथ गवई राजनीति में भी रसूख बढ़ने लगी थी। ऐसे में पुलिस बहुत ही बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही है। जानकारों की मानें तो गांव की महज तीन डिसमिल भूमि के लिए दूसरे जनपद में आकर राजन की हत्या करने की बात हजम नहीं हो रही है।
सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने कहा कि जिन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, उनसे कोई क्लू नहीं नहीं है। जब तक नकाबपोश बदमाश गिरफ्त में नहीं आएगा, तब तक वारदात का पर्दाफाश नहीं हो पाएगा। धड़पकड़ के लिए पुलिस टीमें लगी हैं।