पुलिस की सुस्त जांच से गांव वालों में उबाल, मोबाइल में मिले फोटो की पत्नी से पुलिस कराई पहचान
खेत बैनामा को लेकर डीजे संचालक व पत्नी के बीच हुए विवाद को घटनाक्रम से जोड़कर जांच कर रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। चर्चित डीजे संचालक हीरालाल शर्मा हत्याकांड में पुलिस की जांच अपनों के इर्द गिर्द घूम रही है। हालांकि, एक माह बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। इससे गांव वालों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। कभी भी लोग सड़क पर उतर सकते हैं। वहीं रविवार की शाम को डीजे संचालक के घर पहुंची पुलिस हीरालाल शर्मा के मोबाइल से कुछ फोटो उसकी पत्नी नीतू को दिखाकर पहचान कराई, मगर उसने वारदात में शामिल किसी भी चेहरे को पहचानने से इन्कार कर दिया। वहीं पुलिस की जांच में अपनों पर ही हत्या का संदेह गहराता नजर आ रहा है, मगर पुलिस कुछ भी कहने से परहेज कर रही है।
थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव निवासी डीजे संचालक हीरालाल शर्मा नौ अगस्त की रात करीब 11:30 बजे बाइक से घर से निकला था, मगर लौट कर नहीं आया। 10 अगस्त की सुबह उसका शव गांव के बाहर एक निजी स्कूल के पास धान के खेत में मिला था। मौके पर एसपी विक्रांत वीर डॉग स्क्वायड और फाॅरेंसिक टीम के साथ पहुंचे थे। हीरालाल की पत्नी ने एसपी को बताया कि अज्ञात नंबर से फोन आने पर पति घर से निकले थे, उसने अंदेशा जताया था कि फोन करने वाले ही हत्या में शामिल हैं।
इसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। थानाध्यक्ष ने हीरालाल की पत्नी से दोबारा पूछताछ के लिए संपर्क किया तो पत्नी बात से पलट गई और बताया कि पति के मोबाइल पर फोन नहीं मिस्ड कॉल आई थी और नंबर मोबाइल से डिलीट हो गया। इसके बाद पुलिस हीरालाल का मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया, क्योंकि हीरालाल का हत्या जिस रात को हुई, वह अपने साथ मोबाइल नहीं ले गया था, उसका मोबाइल घर पर था।
पूछताछ में पत्नी के बदलते बयानों से पुलिस की जांच उलझने लगी। हीरालाल के मोबाइल नंबर के सीडीआर की मदद से पुलिस घटना में शामिल लोगों के करीब पहुंच गई है, मगर वारदात में कितने लोग शामिल रहे, इसकी जानकारी के लिए पुलिस अब काम कर रही है। हीरालाल के मोबाइल में कुछ लोगों का फोटो है, उसकी पहचान के लिए पुलिस मोबाइल लेकर उसके घर पत्नी के पास पहुंची थी, करीब एक घंटे तक एक-एक फोटो दिखाकर पहचान कराने की कोशिश की, मगर उसने एक भी लोगों की फोटो पहचान नहीं पाई।
एक माह बाद भी वारदात का पर्दाफाश नहीं होने से गांव वालों व परिजनों का गुस्सा पुलिस के खिलाफ बढ़ता जा रहा है। गांव से लेकर चौराहे तक सोमवार को इसकी चर्चा लोगों में रही, कभी भी गांव वाले सड़क पर उतर सकते हैं। पुलिस के अनुसार करीब एक माह पहले डीजे संचालक हीरालाल शर्मा और उसकी पत्नी नीतू के बीच खेत बैनामे को लेकर विवाद हुआ था। यह मामला इतना बढ़ा कि दोनों के बीच कहासुनी थाने तक पहुंच गई थी।
पुलिस इस पुराने विवाद को भी वर्तमान घटनाक्रम से जोड़कर देखने का प्रयास कर रही है। जानकारी के अनुसार, हीरालाल की पत्नी नीतू ने बैनामे से मिली रकम को कई बार अपने खाते में ट्रांसफर कराने के लिए पति से विवाद किया था। पारिवारिक कलह की वजह से पत- पत्नी के बीच तनाव चल रहा था। पुलिस इस पहलू को भी जांच का केंद्र बिंदु मानकर जांच कर रही है।
..
कोट
डीजे संचालक की हत्या का तार अपनों से जुड़ा है। अब तक की जांच में यह बात सामने आई है। वारदात में शामिल बाकी लोगों की पहचान करने में पुलिस जुटी है। जल्दबाजी करना ठीक नहीं होगा। सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। डीजे संचालक की हत्या पारिवारिक विवाद, आर्थिक लेनदेन या किसी और रंजिश का नतीजा है। यह सीडीआर रिपोर्ट और गहन पूछताछ से स्पष्ट हो जाएगा।
-संजय कुमार रेड्डी, सीओ सिटी