सिद्धार्थनगर। पंपों पर पेट्रोल और डीजल के लिए मारामारी काफी कम हो चुकी है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र के एजेंसियों पर गैस के लिए कतार कम होती नहीं दिख रही। शनिवार को इटवा, डुमरियागंज, बांसी और शोहरतगढ़ क्षेत्र में कई एजेंसियों पर सिलिंडर के साथ लोग कतार में खड़े नजर आए।
हालांकि, मोबाइल से घरेलू गैस बुकिंग के बाद एजेंसियों पर पहुंच रहे उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी का आश्वासन देकर वापस किया जा रहा है, फिर भी वह कतार में लगे दिख रहे हैं।
डीजल व पेट्रोल के लिए दो दिन से पंपों पर लग रही कतार शनिवार को पूरी तरह समाप्त दिखी। इक्का-दुक्का वाहन चालक ही तेल लेने पहुंच रहे थे।
वहीं, शहर की एजेंसियों पर घरेलू गैस सिलिंडर के लिए कतार कम रही, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र के गैस गोदामों पर भीड़ देखी गई। शहर व ग्रामीण क्षेत्र के गैस एजेंसियों पर बुकिंग या कागज दुरुस्त कराने पहुंच रहे उपभोक्ताओं को सिलिंडर की होम डिलीवरी करने का आश्वासन देकर घर भेजा जा रहा था, लेकिन यह भीड़ कम होती नहीं दिख रही है।
शाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार डुमरियागंज स्थित एजेंसी संचालक ने गोदाम पर होम डिलीवरी का बोर्ड लगा दिया है, फिर भी सिलिंडर के लिए लोगों की भीड़ कम होती नहीं दिख रही है।
रात से ही गैस एजेंसी के गोदाम पर लोगों का लाइन लगना शुरू हो जा रही है, जो सिलिंडर खत्म होने तक नजर आ रही है। डुमरियागंज नगर में स्थित गैस एजेंसी के गोदाम पर सुबह 350 सिलेंडर एक छोटी ट्रक में आया था, जिसमें 90 सिलेंडर दो छोटे वाहनों से गांवों में होम डिलीवरी के लिए भेजा गया, बाकी कतार में खड़े लोगों को वितरण किया जा रहा था।
गैस एजेंसी कर्मचारी रवि मिश्रा ने कहा 350 सिलेंडर आया था, जिसमें करीब 90 सिलेंडर गांवों में होम डिलीवरी के लिए भिजवाया गया है। बाकी कतार में खड़े लोगों में वितरण करवाया जा रहा है।