संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। मंगराईच टावर के पास रविवार की देर रात बोलेरो चालक को मारपीट कर छिनैती करने के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को चार युवकों का शांतिभंग में चालान किया है।
पुलिस का कहना है कि गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि , चालक अब भी छिनैती की बात दोहरा रहा है। खजुरी गांव निवासी हबीबुल्ला शेख ने रविवार को एक तिलक समारोह में नौ गाड़ियों की बुकिंग की थीं। हबीबुल्ला देर रात अपनी बोलेरो में कुछ लोगों को बैठाकर घर लौट रहा था। हबीबुल्ला का आरोप है कि मंगराईच टावर के पास पीछे से तीन बाइक पर सवार 9-10 युवकों ने बोलेरो ओवरटेक कर रोक लिया। उसके पाॅकेट से 21 हजार रुपये और मोबाइल फोन छिन लिए।
इस आरोप में खुखुंदू निवासी जावेद अख्तर उर्फ भोला, पड़री झिल्ली पार निवासी अनूप कुमार उर्फ लाला, पड़री बाजार निवासी धीरज यादव और बभनी सकरापार टोला चकरा निवासी विनय यादव का शांतिभंग में चालान किया गया है।
सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि जांच में चालक के साथ मारपीट की बात सामने आई है।