स्ट्रीट लाइट की रोशनी से गुलजार होती तरकुलवा नगर पंचायत अंतर्गत गांधी गेट से सीएचसी जाने वाली स
तरकुलवा। नगर पंचायत के अंतर्गत देवरिया-कसया मुख्य मार्ग पर स्थित गांधी गेट से होकर ब्लॉक मुख्यालय और सीएचसी तक जाने वाली सड़क शाम होते ही दूधिया रोशनी से गुलजार हो जा रही है। नगर पंचायत की ओर से 39.50 लाख रुपये से 35 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं।
नव सृजित नगर पंचायत तरकुलवा की प्रमुख सड़कों पर रात में पथ-प्रकाश के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके तहत देवरिया-कसया मुख्य मार्ग पर दूबे टोला से विद्युत उपकेंद्र होते हुए बालपुर श्रीनगर चौराहे तक सड़क के किनारे और तरकुलवा-बंजरिया मार्ग से कनकपुरा मार्ग तक स्ट्रीट लाइट लगवाने का कार्य पहले ही पूर्ण किया जा चुका है।
कस्बा की मुख्य सड़क पर स्थित गांधी गेट से ब्लॉक मुख्यालय के रास्ते सीएचसी जाने वाली सड़क पर हर समय लोगों का आवागमन होता है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर इलाज कराने रोजाना करीब पांच से छह सौ मरीज पहुंचते हैं। इस सड़क पर रात्रि के समय भी मरीज और तीमारदारों का आना-जाना लगा रहता है। रात में मरीजों को अस्पताल पहुंचने में हो रही दिक्कत को देखते हुए चेयरमैन जनार्दन कुशवाहा ने नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगवाने का प्रस्ताव दिया था।
नगर पंचायत अध्यक्ष और क्षेत्रीय लोगों की मांग को देखते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की पहल पर वार्ड नंबर 05 व 12 में गांधी गेट से सीएचसी तक सड़क के किनारे स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए शासन ने आकांक्षी नगर योजना अंतर्गत 39.50 लाख रुपये स्वीकृत किया था, जिससे इस सड़क के दोनों किनारों पर 35 अदद खंभे और स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। इस सड़क पर स्ट्रीट लाइटों के लग जाने से शाम होते ही मुख्य सड़क से ब्लॉक मुख्यालय और सीएचसी तक पूरी सड़क दूधिया रोशनी से जगमगाने लग रही है।