- बारिश ने रोक दिया गांव से शहर आने वालों की रफतार,
- छोटी-मोटी खरीदारी पर पड़ा असर
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जनपद में मोंथा चक्रवात के असर से पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने आम जनजीवन के साथ-साथ बाजारों को भी प्रभावित किया। ग्रामीण इलाकों से शहर की तरफ खरीदारी के आने वाले लोगों के कदम बारिश में रुक गए है। शहर के दुकानों पर कम ग्राहक पहुंचे।
बस स्टेशन पर कई दुकानदारों ने दिन भर दुकानें खोली परन्तु ग्राहको को लेकर उन्हें निराशा ही हाथ लगी। सामान्य दिनों में जिन दुकानों पर चहल पहल रहती थी पिछले दो दिनों से वहां इक्का-दुक्का ही ग्राहक पहुंच सके। शहर में कई स्थान ऐसे है जहां बाजार लगते है और लोग अपनी रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुएं खरीदते है। आम तौर पर जहां लोग साप्ताहिक खरीदारी के लिए हजारों की संख्या में आते रहते है परन्तु आज उन बाजारों में कम ही लोग दिखाई दिए। बहुत से लोग बारिश से घर से नही निकले। स्टेशन रोड पर कपड़े की दुकान चलाने वाले मनोज गुप्ता ने बताया कि दो दिनों हो रही बारिश ने पुरी तरह से ग्राहकी बिगाड़ दी है।दिन भर में आज एक ग्राहक ही कपड़ा खरीदने आए। जबकि सामान्य दिनों में ग्राहकों से अच्छी ग्राहकी हो ही जाती थी। इसी तरह से स्टेशन रोड पर लिट्टी-बाटी की दुकान लगाने वाली पार्वती देवी ने बताया कि बारिश ने लोगों को अपने घरों में कैद कर दिया है आज दिन भर में दो-चार ही ग्राहक खाने के लिए दुकान पर पहुंच सके। बस स्टेशन रोड पर ठेले पर रेवड़ी की दुकान लगाने वाले मुरलीधर ने बताया कि सामान को बचाने के लिए छतरी नही है। इसलिए पूरा सामान भी भीग गया और ग्राहकों के इंतजार में दुकानदारी भी नही हुई। फल और सब्जी के कारोबारी जितेन्द्र ने बताया कि बारिश की वजह से लोग दुकानों तक नहीं पहुंच रहे है। बारिश ने छोटे व्यापारियों के व्यापार पर असर डाला है अब व्यापारी सुखे मौसम का इंतजार कर रहे है, जिससे उनकी दुकानदारी आगे बढ़ सके।