दिन में रुक-रुककर हुई बारिश, राघवनगर, न्यू काॅलोनी, रामनाथ देवरिया समेत विभिन्न मोहल्लों में बढ़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रविवार को हुई लगभग 45 मिनट की बारिश से शहरवासियों की मुसीबत बढ़ गई है। राघवनगर, न्यू काॅलोनी, रामनाथ देवरिया, रामगुलाम टोला समेत विभिन्न मोहल्लों की नालियां चोक हो गईं। हालांकि बारिश की रफ्तार कम होने से सड़कों पर जलभराव जैसी स्थिति नहीं आई लेकिन, जगह-जगह कीचड़ होने से राहगीरों को कठिनाई जरूर हुई।
दोपहर में तहसील गेट के सामने पिच सड़क पर गड्ढे में पानी भर गया था। जब भी कोई वाहन उधर से गुजरता, पैदल चलने वालों पर छींटे पड़ते थे। यही हाल डीएम आवास के पीछे की सड़क का था। वाहनों की आवाजाही ठप होने पर ही लोग पैदल गुजर रहे थे। सीमावर्ती मोहल्लों में कच्ची सड़कों पर कीचड़ और फिसलन के चलते राहगीरों को कठिनाई का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी चटनी गड़ही मोहल्ला, रामगुलाम टोला पूर्वी, चकियवां मंगलमपूरम फेज एक के लोगों को उठानी पड़ी। चटनी गड़ही मोहल्ला में विवेक मिश्र, पुनीत त्रिपाठी, नरेंद्र कुमार, सोम पांडेय के घर के सामने की सड़क कीचड़ से सन गई थी। पैदल व बाइक सवार फिसलकर गिर जा रहे थे। सड़क पक्की व नाली निर्माण नहीं होने के कारण मोहल्ले को लोगों को हर बार बारिश के समय दुश्वारी झेलनी पड़ती है।
-
इनसेट
मौसम हुआ सुहाना
रविवार को दिनभर बदली छाई रही। हल्की व छिटफुट बारिश से मौसम सुहाना हो गया। लोगों को गर्मी से राहत मिली। किसान भी बेहद खुश दिखे। उनका कहना था कि सब्जी की फसलों की हल्की सिंचाई हो गई है। अब खेत की जुताई आसानी से हो जाएगी। धूप होने से खरपतवार भी सूख जाएंगे।
-
बोले शहरवासी
जब भी बारिश होती है। आवागमन को लेकर दुश्वारी बढ़ जाती है। आज महज 45 मिनट की बारिश में सड़कों पर कीचड़ फैल गया है। पक्की सड़क व नाली का इंतजाम हो तो परेशानी से निजात मिल जाएगी। -विवेक मिश्र, चटनी गड़ही मोहल्ला
शहर का दायरा तो बढ़ा है, लेकिन विकास की रफ्तार सुस्त है। नई काॅलोनियों में बारिश के बाद स्थिति नारकीय हो जा रही है। नगर पालिका के साथ सांसद व विधायकों को भी शहर के विकास पर ध्यान देना चाहिए। - राकेश त्रिपाठी, चकियवां
वर्जन
शहर में आवासीय कालोनियों का लगातार विस्तार हो रहा है। बजट के अनुरूप सड़क व नालियां बनाई जा रही हैं। जलभराव की समस्या से निजात के लिए 44 करोड़ की परियोजना पर काम चल रहा है। - रोहित सिंह, ईओ नगर पालिका परिषद देवरिया