सीडीओ ने की राष्ट्रीय पशुधन मिशन, ब्रीड मल्टीप्लीकेशन फार्म स्थापना योजना व प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। विकास भवन के गांधी सभागार में बुधवार को राष्ट्रीय पशुधन मिशन, ब्रीड मल्टीप्लीकेशन फार्म स्थापना योजना व प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के संबंध में जनपद स्तरीय उद्यम स्थापना में हो रही समस्या के निराकरण के लिए सीडीओ ने समन्वय बैठक की।
इसमें पशु उद्यमी व मत्स्य उद्यमियों को उद्यमिता स्थापना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई तथा बैंक से उद्यम स्थापना में ऋण लेने में जो कठिनाई आ रही है, उसके समाधान और प्रोजेक्ट में होने वाली कमियों को दूर करने पर चर्चा की गई। जनपद में राष्ट्रीय पशुधन मिशन एवं बीड मल्टीप्लीकेशन के कुल 173 ऑनलाइन आवेदन आए हैं। इसमें बकरी पालन के 137 हैचरी एवं पेरेंट ब्रीडर यूनिट स्थापना के लिए 14, टोटल मिक्स राशन व साईलेज मेकिंग के पांच, ब्रीड मल्टीप्लीकेशन स्थापना के लिए 17 आवेदन किए गए हैं। इनमें से 22 पशु पालन उद्यमियों की ओर से विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड कर दिया गया है। अभी तक प्रदेश स्तर पर राजकीय अधिशासी समिति ने एक आवेदन पत्र को पात्र घोषित किया है। 19 आवेदन पात्रता के लिए लंबित हैं। दो आवेदन में कमियों को पुनः ठीक कराया जा रहा है। इसी तरह मत्स्य उद्यमियों की ओर से 89 आवेदन किए गए हैं। मत्स्य संपदा योजना में आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई तक है।
मुख्य विकास अधिकारी रवींद्र कुमार ने कहा कि बैंक व अन्य स्तरों पर आने वाली बाधाओं को अतिशीघ्र दूर कर अधिक से अधिक जनपद में पशुपालन और मत्स्य पालन उद्यम की स्थापना कराई जाए। इस दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एके वैश्य, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य रामकिशोर, उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, बैंकों के शाखा प्रबंधक आदि मौजूद थे।