देवरिया। सोनूघाट से 21 वर्षीय युवती को कार में बैठाकर जबरन बैठाने की घटना की सच्चाई तक पहुंचने के लिए युवती, उसके परिचितों और घटनाक्रम से जुड़े लोगों के बयान दर्ज करने के साथ तकनीकी साक्षयों की भी जांच कर रही है। मोबाइल लोकेशन भी खंगाली जा रही है।
उधर मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी रविवार तक नामजद आरोपी सकरापार निवासी विकास यादव और उसके दो अज्ञात साथियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। घटना में प्रयुक्त महिंद्रा एक्सयूवी पुलिस के कब्जे में है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार, युवती ने शिकायत में बताया कि वह सोनूघाट पर सवारी का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान परिचित विकास यादव अपने दो साथियों के साथ पहुंचा। घर छोड़ने की बात कहकर उसे कार में बैठा लिया। रास्ते में युवती के शोर मचाने पर आरोपी सिंचाई कॉलोनी के पास वाहन छोड़कर भाग गए।
मामले की जांच उपनिरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव को सौंपी गई है। पुलिस युवती और आरोपी के बीच पहले से संपर्क, घटना के समय मौजूद लोगों समेत अन्य बिंदुओं की पड़ताल कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से घटनाक्रम की पुष्टि का प्रयास किया जा रहा है।
सीओ संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि युवती की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना में प्रयुक्त वाहन पुलिस के कब्जे में है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।