मनबढ़ युवकों ने पशु मित्र की थी पिटाई, आक्रोशित कर्मचारी पहुंचे कोतवाली
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। राजकीय पशु अस्पताल में घुसकर कर्मचारियों की पिटाई कर कार्यालय में तोड़फोड़ कर लूटपाट करने के आरोपी युवक को पुलिस ने बृहस्पतिवार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। उधर, 24 घंटे बाद भी कार्रवाई न होने से आक्रोशित कर्मचारियों ने कोतवाली पहुंच कर नाराजगी जाहिर करते हुए कार्य बाधित करने की चेतावनी दी।
मझौली राज नगर पंचायत के वार्ड नंबर छह निवासी श्यामू कुमार गौंड राजकीय पशु अस्पताल में पशु मित्र के पद पर कार्यरत हैं। वह बुधवार की दोपहर में फार्मासिस्ट छोटन सिंह, अनुचर दुर्गेश यादव, वीरेंद्र गुप्ता, पशु मित्र चंद्रभान यादव और हिमांशू यादव के साथ ड्यूटी पर कार्यालय में बैठे थे। आरोप है कि इसी बीच 15 से 20 मनबढ़ युवक पशु अस्पताल में घुस गए। आरोप है कि जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मनबढ़ों ने पशु मित्र पर धारदार हथियार से हमला करने लगे।
बीच बचाव करने वाले अन्य कर्मचारियों के साथ मनबढ़ों ने दुर्व्यवहार करते हुए पिटाई शुरू कर दी।फार्मासिस्ट छोटन सिंह, अनुचर दुर्गेश यादव वीरेंद्र गुप्ता पशु मित्र चंद्रभान यादव और हिमांशु यादव घायल हो गए थे। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही केस दर्ज कर लिया जाएगा।