समाधान दिवस पर पहुंची गुड़िया ने डीएम-एसपी से कहा कि साहब मुझे इच्छा मृत्यु दे दीजिए, न्याय के लिए दौड़ते-दौड़ते थक चुकी हूं, मगर सुनवाई नहीं हो रही है। उसने ससुरालियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए चौकी इंचार्ज और एक सिपाही पर उच्चाधिकारियों को बरगलाने का आरोप लगाया। डीएम और एसपी के आश्वासन के बाद मामला सामान्य हो सका।
तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम मधुसूदन हुल्गी और एसपी अभिजीत आर शंकर ने फरियाद सुनी। जयनगर-गौरा की गुड़िया पत्नी अमित डीएम-एसपी के सामने फरियाद सुनाते हुए रोने लगीं।
विज्ञापन
गुड़िया ने कहा कि साहब मुझे इच्छा मृत्यु दे दीजिए, न्याय के लिए दौड़ते-दौड़ते थक चुकी हूं, मगर सुनवाई नहीं हो रही है। उसने ससुरालियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए चौकी इंचार्ज और एक सिपाही पर उच्चाधिकारियों को बरगलाने का आरोप लगाया। डीएम और एसपी के आश्वासन के बाद मामला सामान्य हो सका।
समाधान दिवस में राजस्व और पुलिस के मामले छाए रहे। कुल 151 मामले आए। इनमें से 57 मामलों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। सुबह एसडीएम हरिशंकर लाल की अध्यक्षता में समाधान दिवस की कार्रवाई शुरू हुई।
पूर्व विधायक स्वामीनाथ यादव ने क्षेत्र की समस्याओं से जुड़े नौ सूत्री ज्ञापन दिया, जबकि नगर निवासी विवेकानंद तिवारी ने नमोहन सेतु के एप्रोच मार्ग में अधिग्रहीत किए गए भूमि के गाटा संख्या के काश्तकारों को तत्काल मुआवजा दिलवाने की मांग की।
कपरवार के विश्राम तिवारी ने रामलीला मैदान से अतिक्रमण खाली कराने, कुईंया के भीम कुमार भारती पानी की टंकी, कपरवार के अनिल बरनवाल जमीन संबंधी, भलुअनी वार्ड नंबर आठ के मनोज तिवारी ने तीन वार्डों को जरार फीडर से जोड़ने, नवापार के पिंटू गिरी ने विद्युत विस्तार, खुदियां पाठक की मुन्नी देवी ने बिना पैमाइश कराये खनन करने, धौला पंडित के गोविंद पांडेय ने बार-बार मेड़ काटने की शिकायत किया।
इस दौरान राजस्व के 76, पुलिस के 20, विकास के आठ, खाद्य एवं रसद के सात, समाज कल्याण के तीन और अन्य 37 सहित कुल 151 मामले आए। इसमें राजस्व के 21, खाद्य एवं रसद विभाग के छह कुल 27 मामलों का निस्तारण कर दिया गया।
मौके पर डीएफओ के आर राजू, डीएसओ संजय पांडेय, तहसीलदार अरुण कुमार, नायब तहसीलदार रवींद्र मौर्य, अनिल तिवारी, अविरल, सीओ राजेश कुमार चतुर्वेदी माैजूद रहे।