सलेमपुर। कोतवाली क्षेत्र के एक महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही छात्रा के लापता होने के मामले में नया मोड़ आ गया है। छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ अपहरण का प्राथमिकी दर्ज किया था, लेकिन इसके बाद छात्रा ने उसी युवक के साथ शादी कर सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल कर दी। पीड़ित पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 19 जनवरी की सुबह करीब नौ बजे कॉलेज जाने के लिए घर से निकली बेटी देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा खोजबीन के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर उन्होंने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र के चेरो गांव निवासी रामू राजभर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। मुकदमे की जानकारी मिलते ही छात्रा ने युवक के साथ शादी की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा कर दी, जो देखते ही देखते वायरल हो गई। इसके बाद दोनों ने अपने-अपने परिवार के लोगों से संपर्क कर शादी करने की जानकारी दी।
कोतवाली प्रभारी महेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। वायरल तस्वीर और सामने आए तथ्यों के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। छात्रा के बयान दर्ज कराने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।