-फोन पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए सचिव को जान से मारने की दी गई थी धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। स्थानीय ब्लॉक में कार्यरत सचिव विशाल श्रीवास्तव को चार दिन पूर्व फोन पर जान से मारने की धमकी देने वाला शख्स रुद्रपुर ब्लॉक का स्वच्छता प्रहरी निकला। जिसे बरहज पुलिस सरगर्मी से तलाश रही है।
13 जुलाई को सचिव विशाल श्रीवास्तव को फोन पर मदनपुर थाना क्षेत्र के मोहरा गांव स्थित मनियापार टोला निवासी बृजेश ने अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। इससे महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी।
मनबढ़ शख्स रुद्रपुर ब्लॉक में स्वच्छता प्रहरी पद पर कार्यरत है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करने के बाद से उसे तलाश कर रही है। पुलिस द्वारा स्वच्छता प्रहरी के घर, गांव, नात-रिश्तेदार आदि जगहों पर दबिश भी देना बताया जा रहा है। हालांकि फोन आने के बाद से सचिव विशाल श्रीवास्तव डरे-सहमे हैं। सीओ आदित्य कुमार गौतम ने बताया कि जांच कराई जा रही है।