संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर यूनिट निर्माण की बाधा दूर हो गई है। जमीन की कमी दूर होने से निर्माण में तेजी आएगी। इससे गंभीर रोगियों को हायर सेंटर रेफर नहीं जाना पड़ेगा। इन रोगियों को जिले में ही इलाज की सुविधा मिलेगी। इससे हार्ट अटैक जैसे गंभीर मामलों में लोगों को फौरी इलाज से राहत मिलेगी।
50 बेड के तीन मंजिला क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण चल रहा है। इसके लिए 4159.86 वर्ग मीटर भूमि में से अब तक करीब 75 प्रतिशत ही भूमि मिल पाई थी, जिस पर कार्य चल रहा है, जबकि शेष पचीस प्रतिशत भूमि नहीं मिली थी।
इससे कार्य धीमा हो गया था। अब कालेज प्रशासन ने पुराने जिला अस्पताल के भवन में संचालित केंद्रीय औषधि भंडार के दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया है।
इससे पुराने भवन के ध्वस्तीकरण का कार्य शुरू हो गया है। इसके चलते बाकी की 25 प्रतिशत भूमि की कमी भी पूरी हो गई है। सीसीयू निर्माण में अब करीब 35 प्रतिशत कार्य हो चुका है। सके अगस्त 2026 पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है। क्रिटिकल केयर यूनिट तीन मंजिला होगी। एक हिस्से में ग्राउंट फ्लोर पर माइनर ओटी, स्क्रीनिंग एरिया, एग्जामिनेशन रूम, आइसोलेशन रूम, वेटिंग एरिया की व्यवस्था होगी।
इसके अलावा टायलेट, इंजेक्शन रूम तथा फर्स्ट फ्लोर पर डायलिसिस, सपोर्ट आफ डायलिसिस, बफर एरिया, स्टाफ रूम, ड्यूटी रूम, टायलेट, लिफ्ट, लाबी, कारिडोर व सेकेंड फ्लोर पर आईसीयू, सीयू, बफर जोन, चेजिंग रूम, टायलेट, नर्स रूम, काउंसिल रूम, डीयू, रैंप, लिफ्ट, गैलरी आदि का ढांचा तैयार हो गया है।
अभी भवन के पूरब तरफ दस मीटर लंबा व आठ मीटर चौड़ा पोर्च, छह मीटर की सड़क के अलावा ग्राउंड फ्लोर पर डोनिग रूम, चेंजिंग रूम, दो बेड का मैटेरनिटी रूम, नर्सिंग स्टेशन, अल्ट्रा साउंड रूम, डीयू रूम, स्टाफ रूम, फर्स्ट व सेंकेड फ्लोर पर आइसोलेशन वार्ड, पोस्ट ओटी, दो ओटी, क्रिटिकल उपकरण रखने का रूम, इंचार्ज रूम आदि बनना है।