रुद्रपुर। नगर पंचायत रुद्रपुर की बोर्ड बैठक में सोमवार को विकास कार्यों से जुड़े 10 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना समेत विभिन्न योजनाओं के तहत नगर में कुल 41.16 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष सुधा निगम ने की।
बैठक में मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत विवाह भवन, रैन बसेरा, पार्क और इंडोर हॉल के निर्माण के लिए 6.78 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पारित किया गया। नगर पंचायत के नए कार्यालय भवन पर ऑडिटोरियम निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।
नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर 2.97 करोड़ रुपये से स्ट्रीट लाइट लगाने का भी प्रस्ताव पास हुआ। इसमें भभौली चौराहे से देवरिया बाईपास, रामचक मोड़ से देवरिया बाईपास, रामचक मोड़ से नाथ बाबा मंदिर गेट, खजुहा चौराहे से पेट्रोल पंप तथा दुग्धेश्वरनाथ मंदिर के पास विश्वकर्मा मंदिर से एमआरएफ सेंटर होते हुए निबही मार्ग तक का क्षेत्र शामिल है।
वंदन योजना के तहत गोला वार्ड स्थित रामजानकी मंदिर और लाला टोली वार्ड स्थित शीतला माता मंदिर के सुंदरीकरण के लिए चार करोड़ रुपये का प्रस्ताव पारित किया गया।
नगर पंचायत क्षेत्र में सीसी रोड और नाली निर्माण के लिए 6.66 करोड़, आरसीसी नाला निर्माण के लिए 5.97 करोड़ तथा आवश्यक और सार्वजनिक स्थानों पर आरओ वाटर प्लांट लगाने के लिए 2.08 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा नगर पंचायत क्षेत्र की सभी पटरियों पर इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण के लिए 9.91 करोड़ रुपये, सहनकोट माता मंदिर पोखरे के सुंदरीकरण के लिए 49 लाख और शिवपुरी घाट पर अंत्येष्टि स्थल के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये का प्रस्ताव पारित किया गया।
बोर्ड की बैठक में अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव, लिपिक राम विनोद शुक्ल सभासद अंकित मणि, जयरतन चौरसिया,उपेंद्र मास्टर, मुकेश विश्वकर्मा, पंकज पाण्डेय, सुशील मद्धेशिया, अनिल पांडेय, दिलीप जायसवाल, तेजप्रताप मथुरा आदि मौजूद रहे।