-ढाई माह पहले कार सवार बदमाशों के लाठी-डंडे से की गई पिटाई से दूध विक्रेता की हुई थी मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
मईल। थाना क्षेत्र के बलिया उत्तर निवासी एक दूध विक्रेता की लगभग ढाई माह पहले लाठी-डंडे से पिटाई से मौत हो गई थी। पुलिस ने सोमवार को इस मामले में शामिल बदमाश को सलेमपुर-कुंडौली मार्ग पर इटहुरा हजाम गांव के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बलिया उत्तर निवासी वीर बहादुर दुबे (51) भागलपुर हनुमान चौराहा से बाइक से दूध बेचकर 28 मई को अपने घर बलिया जा रहे थे। रास्ते में कार सवार कुछ नकाबपोश बदमाशों ने लाठी-डंडे से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उनकी 31 मई को मौत हो गई। पुलिस उनकी पत्नी विनीता की तहरीर के आधार पर एक नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट व हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही थी, जिसमें एक आरोपी बलिया उत्तर निवासी अभिषेक पांडेय को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। सोमवार को घटना में शामिल कार सवार नकाबपोश बदमाश बस्ती जिले के थाना नगर के बेलाड़ी निवासी मनीष प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थानाध्यक्ष अमित राय ने बताया कि मनीष प्रताप भी हत्यारोपी है। केस की जानकारी करने आया था। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे भेज दिया गया।