शहर के मालवीय रोड पर सराफा करोबारियों ने बैठक की।
देवरिया में उत्पाद शुल्क की अनिवार्यता के विरोध में सराफा कारोबारियों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि केंद्र सरकार अपनी नीतियों को जबर्दस्ती लागू करना चाहती है। सरकार अपने वादे को पूरा करने में नाकाम साबित हो रही है। 27 अप्रैल तक स्वर्णकार अपनी प्रतिष्ठान को बंद रखेंगे।
जनपद सराफा मंडल से जुड़े कारोबारी सोमवार को मालवीय रोड स्थित धरना स्थल पर एकत्र हुए। केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी की। इसके बाद धरना शुरू कर दिया। प्रदेश उपाध्यक्ष वासुदेव वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार काला कानून लागू करने की जिद पर अड़ी है। इसके लागू होने से स्वर्ण कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ेगा। उमाशंकर सराफ ने कहा कि काला कानून के खिलाफ 27 अप्रैल तक बंदी रहेगी।
कारोबारियों ने स्वैच्छिक तरीके से बंद का आहृवान किया है। उत्पाद शुल्क को हर हाल में खत्म करना होगा। कारोबारी अब आर-पार के संघर्ष के मूड में है। काला कानून की समाप्ति के लिए हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। अजय वर्मा ने कहा कि तीन दिन तक बंदी के बाद शीर्ष नेतृत्व जैसा आदेश देगा उसको अमल में लाया जाएगा। सभा को वंशीधर वर्मा, विकास वर्मा, राजेश सराफ, संतोष सराफ, प्रहलाद, निर्भय सराफ, दीपू सराफ आदि ने संबोधित किया।