केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने पूर्वोत्तर रेलवे के देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर नवस्थापित ए.टी.वी.एम.(आटोमेटिक टिकट वेन्डिग मशीन) का शुभारंभ किया। अपने निधि से दिए गए स्टील बेंच पर बैठकर उन्होंने इसका भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री सोनवीर सिंह ने की।
पूर्वोत्तर रेलवे यात्री सुविधाओं के विकास के लिए किये जा रहे प्रयासों के अन्तर्गत एक महत्वपूर्ण कड़ी के रुप में देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर तीन ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन लगाये गये हैं। सदर स्टेशन पर संस्थापित ए.टी.वी.एम. कार्ड बेस्ड है। कार्ड एक बार रिचार्ज करने पर 13 माह तक वैध रहेगा। द्वितीय श्रेणी टिकट के अतिरिक्त प्लेटफार्म एवं मासिक सीजन टिकटों का नवीनीकरण भी ए.टी.वी.एम. से हो सकेगा।
विशेष सुविधा के रुप में यात्रियों की सहायता के लिये फेसिलिटेटर (यात्री सहायक) का प्रावधान भी किया गया है। जिन यात्रियों के पास स्मार्ट कार्ड नहीं है उसे फेसिलिटेटर अपने कार्ड से टिकट निकाल कर देगा तथा यात्रियों को स्मार्ट कार्ड बनवाने एवं उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित करेगा। अपने कार्ड से टिकट लेने पर यात्री को पांच प्रतिशत की छूट भी मिलेगी। जबकि फेसिलिटेटर से टिकट प्राप्त करने पर यह छूट उसको मानदेय स्वरुप प्राप्त होगा। 150 किलोमीटर तक के टिकट पर ही यह छूट मिलेगी।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुये कलराज मिश्र ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं आधारभूत ढ़ांचे को मजबूत कर रहा है। यह सराहनीय प्रयास है। उन्होने का कि पूर्वोत्तर रेलवे की पहल पर इस क्षेत्र में बजट का आवंटन भी पहले की तुलना में बहुत अधिक हुआ है। जिससे इस क्षेत्र में रेल परिवहन को और अधिक विकसित किया जा सकेगा।
उन्होंने ए.टी.वी.एम. की सुविधा को यात्री सुविधा के क्षेत्र में एक विशिष्ट उपलब्धि बताया। इसके साथ ही उन्होंने अपने निधि से दिए गए स्टील के 40 बेंच का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर अखिलेश त्रिपाठी, मंडल वाणिज्य प्रबधक अतुल यादव, डीसीआई राजाराम, पीआरओ वाराणसी मंडल अशोक कुमार, सदर विधायक जन्मेजय सिंह, डॉ. सत्यप्रकाश मणि, शैलेष त्रिपाठी, कमलेश शुक्ला, गोविंद , सत्येंद्र आदि मौजूद रहे।