संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता की पहले ननद ने अपने पति संग मिलकर पिटाई की। जब वह विरोध करने लगी तो फिर उसके पति और सास-ससुर ने पिटाई कर दी। पीड़िता ने सूचना देकर मायके से मां और भाई को बुला लिया। मौके पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी भाग निकले। पीड़िता थाने पहुंच कर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि पांच माह पहले भी पति ने पीटा था, तब सुलह-समझौता करा दिया गया था। उधर, पति ने भी थाने में तहरीर दी है। उसका आरोप है कि पत्नी उनके साथ रहना नहीं चाहती है। इंस्पेक्टर कल्याण सिंह सागर ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवती की शादी डेढ़ साल पहले खुखुंदू क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शुरू से ही ससुराल वाले दहेज कम लाने का ताना मारते हुए प्रताड़ित करने लगे थे। मायके वालों का आरोप है कि पांच माह पहले विवाहिता की पिटाई कर घर से निकाल दिया था। थाने तक मामला पहुंचने के बाद पति ने सुलह-समझौता कर लिया था।
विवाहिता का कहना है कि उसकी शादी की बात करने वाली ननद भी ससुराल से मायके आई है। रविवार को उसने पति संग मिलकर उसकी पिटाई कर दी। इसकी शिकायत पति और सास-ससुर से की तो सभी मारने-पीटने लगे।