स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र देवरिया के विधान परिषद सदस्य पद के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का सोमवार को आखिरी मौका है।
भाजपा और बसपा के अलावा अन्य कई दावेदार पर्चा दाखिल करेंगे। इसके चलते कलेक्ट्रेट में गहमागहमी रहेगी। इसको देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
इच्छुक उम्मीदवार जिला मजिस्ट्रेट के कार्यकक्ष में दिन में 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। नामांकन के आखिरी दिन तक कांग्रेस की तरफ से प्रत्याशी की अधिकृत घोषणा नहीं की गई है।
ऐसे में पार्टी प्रत्याशी उतारने के मूड में नहीं दिख रही है। पार्टी सूत्रों की मानें तो सत्ताधारी दल के प्रभाव और धनबल को देखते हुए कांग्रेस रूचि नहीं ले रही है।
एमएलसी चुनाव को लेकर राजनैतिक दलों में उत्साह कम दिख रहा है। अभी तक समाजवादी पार्टी के कुशीनगर जिलाध्यक्ष रामअवध यादव ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।
भाजपा के सुनील सिंह और बसपा के अजीत शाही की तरफ से सोमवार को पर्चा भरा जाएगा। वैसे चुनाव लड़ने के लिए नौ लोगों ने 20 नामांकन पत्र हासिल किया है।
जिलाधिकारी अनिता श्रीवास्तव ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 16 फरवरी को की जाएगी। 18 फरवरी को नामांकन पत्र वापस लिया जा सकता है।