जिला प्रशासन ने 17 व 18 को स्कूलों में केवल छात्रों के लिए घोषित किया अवकाश
देवरिया। मकर संक्रांति के दिन भी जिले के लोगों को सूर्य के दर्शन नहीं हुए। पूरे दिन बर्फीली हवा सताती रही। गलन के चलते लोग घरों में दुबके रहे। शहर से लेकर गांव तक लोग ठंड से बचने के इंतजाम में लोग जुटे रहे। उधर, ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 17 व 18 जनवरी को अवकाश घोषित कर दिया है।
जिले का मौसम सोमवार को भी लोगों को कंपाता रहा। बर्फीली हवाओं के साथ ओस कर बूंदें भी गिरीं। अधिकतम तापमान 19 तो न्यूनतम नौ डिग्री दर्ज किया गया। शहर के प्रमुख जगहों पर अब भी अलाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाने से लोग खुद ही इसका प्रबंध करने में जुटे रहे। मकर संक्रांति के दिन भी सूर्य के दर्शन न होने से स्नान, दान करने वालों को पूजन-पाठ समय से संपन्न करने में परेशानी महसूस हुई।
घर से बाहर निकले लोग जहां भी व्यवस्था दिखी आग तापते नजर आए। बीआरडी पीजी कॉलेज में भूगोल विभाग के डॉ.उदयभान ने बताया कि मौसम में यह उतार चढ़ाव अभी दो चार दिन तक बना रहेगा।
केवल विद्यार्थियों के लिए होगा अवकाश
जनपद में पड़ रही भीषण ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी की अनुमति पर कक्षा एक से आठवीं तक के समस्त बोर्ड के विद्यालय 16 व 17 जनवरी को बंद रहेंगे। यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा। इस अवधि में शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशक व अन्य कर्मी विद्यालयों में उपस्थित रहकर विभागीय कार्यों के दायित्वों का निर्वहन करेंगे। -शालिनी श्रीवास्तव, बीएसए