रुद्रपुर। नगर के इमामबाड़ा चौराहे पर एक मैरिज लॉन में सोमवार की रात आई बरात में डाल में कम साड़ी और जेवर लेकर आने को लेकर बवाल हो गया। इस दौरान वर और वधू पक्ष में जमकर मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दूल्हा समेत बरातियों को थाने ले गई।
मंगलवार की सुबह दोनों पक्ष से जुटे कुछ गणमान्य लोगों ने कोतवाली में सुलह समझौता कराया। भरटोला वार्ड निवासी एक व्यक्ति ने बरहज के गौरा में अपने भांजी की शादी तय की थी। सोमवार की शाम इमामबाड़ा चौराहे पर बरात आई थी। द्वारपूजा के बाद विवाह की रस्म के दौरान ससुर द्वारा दुल्हन के माथ ढकने के रस्म की तैयारी चल रही थी।
इस दौरान कुछ महिलाएं डाल में आई साड़ी और जेवर कम होने को लेकर कानाफूसी करने लगीं। उधर, बराती खाने के इंतजाम पर तंज कसने लगे। इस बात को लेकर दोनों तरफ से कहासुनी होने लगी। बात मारपीट तक पहुंच गई। इस दौरान विवाह स्थल पर भगदड़ मच गई।
घटना की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस दूल्हा सहित कुछ बरातियों को लेकर थाने आ गई। मंगलवार की सुबह थाने में दोनों तरफ से जुटे लोगों के बीच करीब एक घंटे पंचायत चली। इसके बाद दुल्हन की विदाई पर रजामंदी बनी।
दोनों पक्षों की सहमति पर दुल्हन की विदाई की तिथि निर्धारित की गई। सीओ हरिराम यादव ने कहा कि हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्ष के बीच कुछ मानिंद लोगों की पहल पर सुलह-समझौता हो गया है।