बघौचघाट। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि सरकार प्रदेश के सबसे पिछले पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी समाज की मुख्य धारा में जोड़ रही है। इसी क्रम में इस मुसहर बस्ती में अनुसूचित जाति और जनजाति उत्थान योजना के तहत सभी को मुर्गी का चूजा दिया जा रहा है। यह वर्ग भी रोजगार करे और अपना विकास करे। विकास खंड पथरदेवा के ग्राम सभा आनंदनगर की मुसहर बस्ती में अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति उत्थान योजना के अंतर्गत आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित निवेश वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह, पथरदेवा प्रधान संघ अध्यक्ष मुरारी मोहन शाही, डॉ. जितेंद्र प्रताप राव, मंडल अध्यक्ष पथरदेवा जिप्पू शाही आदि मौजूद रहे।