देवरिया। कोतवाली क्षेत्र के रजला सेंटर वार्ड नंबर सात में पुरानी रंजिश में दबंगों ने एक युवक पर हमला कर दिया। घर में घुसकर मारपीट की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद व अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पीड़ित सतेंद्र कुमार गुप्ता निवासी रजला सेंटर ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 23 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे वह अपने घर के बाहर रामसूरत और मुन्ना के साथ बैठा था। इसी दौरान अहीर टोला निवासी मनीष अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।
विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे और ईंट से हमला कर दिया। शोर सुनकर उसके माता-पिता बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी मारने के लिए दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए परिवार घर में भागा। हमलावर घर में घुसकर भी मारपीट करते रहे।
आसपास के लोगों के जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। कोतवाल राकेश कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मनीष व अन्य अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद