लार। वर्षों से खाली पड़े मवेशी खाना व धोबी घाट की भूमि पर फल मंडी का निर्माण कराया जाएगा। नगर पंचायत में इसकी योजना बनाई गई है। बोर्ड की बैठक में सहमति बनने के बाद प्रक्रिया शुरू हो गई है। उम्मीद है कि जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।
लार नगर पंचायत में भी मवेशी खाना और धोबी के नाम से भूमि आवंटित है। रावतपार में कान्हा गोशाला का निर्माण कराया जा चुका है। इसलिए अब मवेशी खाना का कोई उपयोग नहीं है। कपड़े धोने वाले पेशेवरों ने धोबी घाट को छोड़ दरवाजे पर बोरिंग करा ली है। इसलिए अब वह स्थान भी बेकार पड़ा है। लोग अवैध रूप से कब्जा कर रहे हैं। कस्बे के बीचो बीच बेकार पड़ी इस जमीन पर नगर पंचायत ने बोर्ड की बैठक में फल मंडी का निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव रखा था।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मवेशी खाना और धोबी घाट की भूमि वर्षों से खाली पड़ी है। उस पर फल मंडी बनाने की योजना है, जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।