पहले चरण के चुनाव में ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन पत्रों की जांच आज से शुरू होगी। दूसरे दिन मंगलवार को चार ब्लॉकों में ग्राम प्रधान और सदस्य पद के लिए 2955 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिसमें ग्राम प्रधान के लिए 838और सदस्य के पदों के लिए 2117 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नाम वापसी 20 नवंबर को दोपहर तीन बजे तक ली जा सकती है। उसी दिन उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह का आवंटन भी किया जाएगा। रामपुर कारखाना, तरकुलवा, देसही देवरिया और पथरदेवा में नामांकन पत्रों की जांच 18 नवंबर को सुबह आठ बजे से शुरू होगी, जो 19 नवंबर को कार्य समाप्ति तक चलेगा। इन ब्लॉकों में मंगलवार को दूसरे दिन ग्राम प्रधान के लिए 838 और सदस्य के पदों के लिए 2117 पर्चा दाखिल किया गया, जिसमें तरकुलवा में ग्राम प्रधान के लिए 168 और सदस्य के लिए 628,रामपुर कारखाना में ग्राम प्रधान के लिए 254 और सदस्य के लिए 693,देसही देवरिया में ग्राम प्रधान के लिए 165 पर्चा दाखिल किया गया। ग्राम पंचायत सदस्य के लिए देर रात तक आंकड़े तैयार किए जा रहे थे, जबकि पथरदेवा में ग्राम प्रधान के लिए 251 और सदस्य के लिए 796 पर्चा दाखिल किया गया। उधर रामपुर कारखाना के शहबाजपुर और सामीपट्टी में ग्राम पंचायत सदस्यों की संख्या के बराबर नामांकन पत्र भरा गया है। इससे ग्राम पंचायत सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। सभी विकास खंड के काउंटर पर शाम छह बजे तक नामांकन दाखिल करने के लिए उम्मीदवारों की लाइन लगी रही।