शिक्षक पात्रता परीक्षा देकर केंद्र से बाहर आते अभ्यर्थी
देवरिया। शिक्षक पात्रता परीक्षा शुक्रवार को दूसरे दिन भी जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा की पहली पाली में कठिन और घुमावदार प्रश्नों ने अभ्यर्थियों की खूब परेशान किया, जबकि दूसरी पाली का प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत आसान रहने से परीक्षार्थियों ने राहत की सांस ली। इस परीक्षा में बड़ी संख्या में प्राथमिक शिक्षक भी शामिल हैं। शनिवार को भी परीक्षा होगी।
पहली पाली में उच्च प्राथमिक स्तर तथा दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा केंद्र से बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि पहली पाली के प्रश्नों का स्तर उम्मीद से अधिक चुनौतीपूर्ण था। कई सवाल पुराने पैटर्न से अलग और सी टेट की शैली पर आधारित थे, जिनके उत्तर देने में सामान्य से अधिक समय लगा।
गाजीपुर के अभ्यर्थी अनूप कुमार,नमन मिश्रा ने बताया कि प्रश्नों को घुमावदार तरीके से पूछा गया था, जिससे उन्हें समझने और हल करने में अतिरिक्त समय लगा। वहीं गाजीपुर के ही नमन और बृजेश कुमार ने कहा कि दूसरी पाली का प्रश्नपत्र पहली पाली की तुलना में काफी आसान रहा। अधिकांश प्रश्न सीधे और संतुलित स्तर के थे, जिससे अभ्यर्थियों का आत्मविश्वास बढ़ा और उन्होंने राहत महसूस की।किसी ने पहली पाली को चुनौतीपूर्ण बताया तो किसी ने दूसरी पाली को संतुलित और अपेक्षाकृत सरल माना।