कार्ड धारक और कोटेदार में मारपीट, हंगामा
- कोटेदार और कार्डधारक ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर कारखाना (देवरिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के करनपुर उर्फ पचफेड़ा गांव में कोटे की दुकान से राशन लेने गए युवक और कोटेदार के बीच मारपीट हो गई। युवक के परिजनों ने दुकान पर पहुंच हंगामा किया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। कोटेदार और कार्डधारक ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
स्थानीय विकास खंड के करनपुर उर्फ पचफेड़ा गांव में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर राशन को लेकर एक युवक और कोटेदार से विवाद हो गया। इस मामले में गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा राशन लेने गया था। उसने राशन वितरण में अनियमितता की पहले से शिकायत की थी। इससे खार खाए कोटेदार और तीन-चार लोगों ने मिलकर मेरे बेटे की पिटाई कर दी। शोर मचाने पर जब वह दुकान पर पहुंचीं तो उनसे भी मारपीट की गई।
उधर, कोटेदार विजय कुमार राव का आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति जबरन यूनिट से अधिक अनाज मांगते हैं। नहीं देने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हैं। वह शनिवार की सुबह राशन वितरित कर रहे थे। इसी दौरान एक कार्डधारक परिजनों के साथ पहुंचे और यूनिट से अधिक अनाज मांगने लगे। मना करने पर लोहे के रॉड और डंडे से कोटेदार, उनके भाई और राशन की तौल करने वाले की पिटाई शुरू कर दी। ई पास मशीन तोड़ दिए और गल्ले में से रुपये भी निकाल लिए। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने कहा कि दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। छानबीन कर मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी।