देसही देवरिया। महुआडीह चौराहा पर आवारा कुत्ते के काटने से जख्मी हुए सभी पीड़ित अस्पताल से इलाज कराकर अपने घर लौट चुके हैं। उधर, दूसरे दिन भी लोग कुत्ते के भय से सहमे दिखे।
महुआडीह चौराहा पर बृहस्पतिवार की शाम को एक आवारा कुत्ता अचानक लोगों पर हमलावर हो गया। अपनी दुकान पर काम कर रहे सुबास सिंह पर झपट्टा मारते हुए नाक व कान बुरी तरह काट लिया। हमले से आहत होकर सुबास सिंह नीचे जमीन पर गिरे। इससे उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद कुत्ता दुकानदार राजेंद्र मद्धेशिया, हरिलाल यादव, मिष्टी सहित छह लोगों को काट लिया। सुबास का इलाज गोरखपुर एम्स में कराया गया, जबकि बाकी लोगों का इलाज महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में हुआ। सभी लोग इलाज कराकर घर लौट आए हैं, लेकिन उनके चेहरों पर कुत्ते की दहशत साफ देखी जा रही है। अनिल, पिंटू मद्धेशिया, विजय यादव, शमीम अंसारी, जितेंद्र मद्धेशिया, रजनीश दुबे, सुरेश प्रसाद आदि स्थानीय लोगों ने विभाग से इस तरह के आवारा कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है।