बनकटा थाना क्षेत्र के ग्राम कोठिलवा निवासी अशोक सिंह के 30 वर्षीय पुत्र नितेश सिंह का शव शुक्रवार को पोस्टमार्टम होने के बाद गांव लाया गया। दरवाजे पर शव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। माता रीता देवी अपने बड़े पुत्र के लिए दहाड़ें मारकर रो रही थीं, जिससे सबकी आंखें नम हो गई थीं।
नितेश के पिता अशोक सिंह दिल्ली में एक प्राइवेट फैक्ट्री में काम करते हैं। उनके दिल्ली से नहीं पहुंचने के कारण शव का अंतिम संस्कार रोक दिया गया था। पिता अशोक सिंह शनिवार को जब गांव पहुंचे तो अंतिम संस्कार गांव के बाहर खाड़ नाला के किनारे पुलिया के पास कर दिया गया। दिल्ली से आए पिता अशोक सिंह ने अश्रुपूर्ण नेत्रों से पुत्र के शव को मुखाग्नि दी।