देवरिया/भटनी। नहाय-खाय के साथ शुक्रवार से छठ महापर्व की शुरुआत हो जाएगी। घाटों पर छठ वेदियों के पास सफाई और रंगाई-पुताई का कार्य अंतिम दौर में है। कई जगह सजावट होने लगी है। बाजार में भी पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। महिलाएं पूजा की तैयारी में जुटी हैं। इस बार बाजार में पूजन से जुड़े सामान की कीमतें बढ़ गई हैं।
छठ पर्व को लेकर देवरिया, बरहज, भटनी, भाटपाररानी, रुद्रपुर, तरकुलवा समेत सभी बड़े कस्बों के बाजार पूजन सामग्री की दुकानों से सज गए हैं। पर्व नजदीक आने के साथ ही बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगी है। शुक्रवार से खरीदारी में और तेजी आने की उम्मीद है। पिछले छठ पर्व के मुकाबले इस बार फल और पूजन सामग्री के दाम बढ़ने से व्रतियों के परिवार का बजट प्रभावित हो रहा है।
बाजार में चंगेली, अनानास, शरीफा और नारियल सहित छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली कई वस्तुओं के भाव बढ़े हुए हैं। दुकानदारों के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में कई सामान महंगे बिक रहे हैं। गाजर 20 रुपये प्रति 100 ग्राम, अनार 60 रुपये पाव, सेब 120 रुपये किलो, केला 40 रुपये दर्जन, हल्दी 20 रुपये और अदरक 40 रुपये प्रति 100 ग्राम बिक रहा है। शरीफा 50 रुपये पीस, अनानास 50 रुपये और नारियल भी 50 रुपये में मिल रहा है।
सुथनी 20 रुपये प्रति 100 ग्राम, मूली 20 रुपये में 250 ग्राम, गन्ना 20 रुपये पीस, मूंगफली 20 रुपये प्रति 100 ग्राम, बड़ा नींबू 30 रुपये और छोटा नींबू 10 रुपये पीस बिक रहा है। साठी का चिवड़ा 20 रुपये, लाल पत्ता 20 रुपये, सिंघाड़ा 40 रुपये किलो और चंगेली 220 रुपये में मिल रही है। इसके अलावा कोन 40 रुपये किलो में बिक रहा है।
छठ पर्व में इस्तेमाल होने वाले फलों और पूजन सामग्री की मांग बढ़ने से दुकानदारों को अच्छी बिक्री की उम्मीद है। महंगाई के चलते लोग सामान की कीमत पूछने के बाद खरीदारी कर रहे हैं। पर्व की परंपरा और पूजा की जरूरतों को देखते हुए लोग जरूरी सामान जुटाने में लगे हैं।
दुकानदार बिरजू गुप्ता, रामचंद्र शर्मा, गनेश मद्धेशिया आदि ने बताया कि पिछले छठ पर्व की तुलना में इस बार फलों के दाम में बढ़ोतरी हुई है। थोक मंडी में ही सामान महंगा मिलने से खुदरा कीमतें बढ़ गई हैं। चंगेली, नारियल, अनानास और शरीफा की कीमतों में तेजी का असर बिक्री पर भी पड़ रहा है। दुकानदारों को उम्मीद है कि शुक्रवार से बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ेगी और बिक्री में तेजी आएगी।