बरियारपुर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) द्वारा जनसमस्याओं को लेकर विशुनपुरकला चौराहे पर चल रहे आमरण अनशन के समर्थन में रविवार को महापंचायत का आयोजन किया गया। भाकियू प्रदेश उपाध्यक्ष विनय सिंह सैंथवार के नेतृत्व में आयोजित महापंचायत में बिजली, स्वास्थ्य और सड़क जैसी बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। अधिकारियों द्वारा समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद आमरण अनशन समाप्त हो गया।
महापंचायत को संबोधित करते हुए विनय सिंह सैंथवार ने कहा कि बरियारपुर विद्युत उपकेंद्र के ओवरलोड की समस्या का स्थायी समाधान सिधुआ में नए विद्युत सब स्टेशन के निर्माण से ही संभव है। जब तक नया सबस्टेशन नहीं बनेगा, तब तक क्षेत्र को निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं मिल सकेगी।
भाकियू पूर्वी उत्तर प्रदेश सचिव विनोद गुप्ता ने बिजली विभाग के मीटर रीडरों की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि गलत रीडिंग के कारण गरीब उपभोक्ताओं को बार-बार अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
जिलाध्यक्ष गिरीश नारायण शाही उर्फ बड़े शाही ने लोक निर्माण विभाग पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि भीखमपुर रोड पर लाहिलपार से किशुनपाली तक, विशुनपुरकला से गोरयाघाट तक और लाहिलपार से बरियारपुर तक की सड़कें जगह-जगह क्षतिग्रस्त हैं।
जिला महासचिव धनंजय सिंह ने चेतावनी दी कि डीहा बसंत रोड और पंसरही (टड़वा) से सरैया मार्ग की सड़कें यदि मार्च तक पिच नहीं हुईं तो लोक निर्माण विभाग कार्यालय पर तालाबंदी की जाएगी।
महापंचायत में बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता चंद्रमा प्रसाद, उपखंड अधिकारी बरियारपुर अरुण कुमार, उपखंड अधिकारी सिटी प्रत्यूष पांडेय, लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता आलोक पांडेय व सुजीत खरवार, नायब तहसीलदार गंगाराम तथा थानाध्यक्ष बरियारपुर दीपक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सभी मांगों पर चर्चा कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
अंत में नायब तहसीलदार गंगाराम ने विनय सिंह सैंथवार को जूस पिलाकर आमरण अनशन समाप्त कराया। महापंचायत में जिला संयोजक सदानंद यादव, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष श्यामदेव राय, जिला उपाध्यक्ष हरेंद्र सिंह, जिला सलाहकार मदन चौहान, जिला कोषाध्यक्ष चंद्रदेव सिंह, जिला प्रवक्ता धर्मेंद्र सिंह, युवा जिलाध्यक्ष मुन्ना सिंह, युवा जिला उपाध्यक्ष बृजेश यादव, तहसील अध्यक्ष सुनील राय, जिला सचिव प्रमोद सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद गुप्ता समेत सैकड़ों किसान व ग्रामीण मौजूद रहे।