तरकुलवा थाना क्षेत्र के हरैया गांव का मामला, घर से निकलने पर दबंग करते हैं गाली-गलौज
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। तरकुलवा थाना क्षेत्र के हरैया गांव में एक परिवार दबंगों के डर से घर में नजरबंद है। घर से निकलने पर दबंग उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां देते हैं और मारपीट करते हैं। महिलाओं और बच्चों तक को नहीं बख्सते हैं। डर से घर के लड़के-लड़कियां स्कूल जाना बंद कर दिए हैं। आरोप है कि बार-बार शिकायत के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे दबंगों का मन और बढ़ गया है। वे बांस-बल्ली लगाकर पीड़ित परिवार के निकास का रास्ता बंद कर दिए हैं। जब थाने पर सुनवाई नही हुई तों पीड़ित ने डीएम को पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
हरैया गांव के रहने वाले अरविंद सिंह पुत्र रामवचन सिंह ने डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया है कि वे ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घर में बूढ़ी मां, पत्नी, दो बेटे और एक बेटी है। वे पुश्तैनी जमीन में आधे के हिस्सेदार हैं, लेकिन पट्टीदारों ने उनके घर से निकलने वाले रास्ते को बंद कर दिया है, जिससे टेंपो दरवाजे पर खड़ा है। रास्ता बंद होने के चलते सड़क पर नहीं जा रहा और न कमाई हो रही है। परिजन भुखमरी के कगार पर हैं। पट्टीदार हमेशा मारपीट की धमकी देते हैं। घर के लोग बाहर निकलते हैं तो वे उन्हें मारने को दौड़ते हैं। कुछ दिन पूर्व मां, पत्नी, बेटी और बेटों को मारकर घायल कर दिया था। रोज जान से मारने की धमकी देते हैं। जब थाने पर शिकायत की तो पुलिस ने शांतिभंग में दोनों तरफ से एक-एक लोगों का चालान कर दिया। इस बीच छह जुलाई की शाम को हलका सिपाहियों ने मौके पर जाकर रास्ता खुलवाया था, लेकिन सुबह फिर रास्ते को बंद कर दिया। बार-बार तहरीर देने के बाद भी पुलिस रास्ता नहीं खुलवा रही है। डर के मारे परिजन दिन-रात घर में कैद रहते हैं। वह लोग दबंग हैं कभी कोई बड़ी घटना कर सकते हैं।
थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है, हल्का सिपाहियों को भेज कर रास्ता खुलवाया गया था। फिर रास्ते को बंद करने की शिकायत मिली है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।