खुखुंदू। स्थानीय कस्बे में शुरू हुए नाला निर्माण कार्य ठप होने के बाद अब दूसरी तरफ की बची सड़क का ढलाई कार्य रविवार से शुरू होगा। अब दोनों तरफ की सड़क ढलाई का कार्य समाप्त होने के बाद नाला निर्माण कार्य शुरू होगा। शुक्रवार को व्यापारियों के विरोध के बाद मानक के विपरीत बन रहे नाले के निर्माण कार्य बंद हो गया था।
जानकारी के मुताबिक खुखुंदू-नूनखार मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान यहां के कस्बे में दोनों तरफ नाला भी बनाया जाना है। इसमें एक तरफ की सड़क ढलाई के बाद जेसीबी मशीन से खुदाई कर शुक्रवार से खुखुंदू चौराहे पर नाला निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया था। हालांकि बाजार में मानक से पतला नाला बनने पर व्यापारियों ने विरोध करना शुरू कर दिया। इसके बाद क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने तत्काल प्रभाव से ठेकेदार से बातचीत कर नाले का निर्माण कार्य रुकवा दिया। ऐसे में अब रविवार से कस्बे में बची दूसरी तरफ की सड़क का ढलाई कार्य शुरू किया जाएगा। इसके बाद फिर दोनों तरफ नाला और पटरी का निर्माण कार्य कराया जाएगा। जेई शशिकांत यादव ने बताया कि बची सड़क के ढलाई कार्य होने के बाद नाला निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।