सब जूनियर नेशनल तीरंदाजी में प्रतिभाग के लिए चुनी गई टीम। स्रोत- खेल विभाग
देवरिया। आंध्र प्रदेश के गुंटूर में 20 से 26 मार्च तक आयोजित होने वाली मिनी सब जूनियर नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में देवरिया टीम भी प्रतिभाग करेगी। ट्रायल के बाद 14 सदस्यीय टीम की घोषणा जिला तीरंदाजी संघ की ओर से कर दी गई है। रविवार को रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में चयनित टीम का स्वागत करते हुए जिला क्रीड़ाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव व जिला ओलंपिक संघ के महासचिव अजय जायसवाल ने इन्हें बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
देवरिया तीरंदाजी संघ के सचिव अभिषेक रूपक ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज एवं अर्जुन अवार्ड प्राप्त संजीव सिंह की देखरेख में रुद्रपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम कन्हौली में श्रीनेत ग्लोबल स्कूल में तीरंदाजी का प्रशिक्षण शिविर संचालित किया जाता है। यहां आयोजित ट्रायल के आधार पर 20 से 26 मार्च तक आयोजित होने वाले सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप के लिए 18 सदस्यीय जिला तीरंदाजी टीम का चयन किया गया है। इसमें अंडर-10 बालक वर्ग रिकर्व में आलोक गुप्ता, परवीन, हिमांशु सिंह, अंडर-10 कंपाउंड वर्ग में उत्कर्ष, शशांक यादव, अंडर-10 रिकर्व बालिका वर्ग में आराध्या पांडेय, यश्री, अंडर-10 बालिका कंपाउंड में अंजलि कुमार, अंडर-13 बालक रिकर्व में अनंत कुमार, प्रभात सिंह, अंडर-13 बालिका रिकर्व में प्रज्ञा, अंडर-13 बालक कंपाउंड में देव बिस्वास, अंश सिंह, अंडर-13 बालिका कंपाउंड वर्ग में अंशिका पटेल शामिल हैं। टीम के मुख्य प्रशिक्षक संजीव सिंह के अलावा सहायक प्रशिक्षक एमपी सिंह, रितुल चटर्जी व सिकंदर होंगे।