रोपनछपरा गांव में सीएम अखिलेश यादव के आगमन को लेकर गांव को सजाने और संवारने में सरकारी अमला जुट गया है।
अफसरों के निरीक्षण के बाद हेलीपैड और मंच का निर्माण कार्य बृहस्पतिवार को शुरू हो गया। गांव में अफसरों की आवाजाही और साफ-सफाई होता देखकर गांव वाले भी खुश हैं।
लार ब्लॉक के रोपनछपरा गांव में ठाकुर भद्रसेन सिंह की पुण्य तिथि पर 20 जनवरी को आयोजित कार्यक्रम में सीएम को आना लगभग तय है।
इसको लेकर गांव में ब्लॉक के अधिकांश सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। गांव गलिया और सड़कों की सफाई कार्य भी शुरू हो गया है।
हेलीपैड से मंच तक सड़क के किनारे खुले पड़ी नालियों को स्लैब से ढका जा रहा है। हेलीपैड के पास लाखों की लागत से बने तालाब की सफाई और सुंदरीकरण किया जा रहा है।
पिछले वर्ष इसी कार्यक्रम में आए सीएम की ओर से घोषित किए गए विकास कार्यों में से अधिकांश का काम अभी पूरा नहीं हुआ है।
बैंक के भवन का निर्माण पूरा नहीं होने के कारण अभी भी कार्यक्रम के आयोजक प्रोफेसर ध्रुवसेन सिंह के मकान से बैंक का संचालन किया जा रहा है, वहीं गांव वालों का कहना है कि सीएम के आने पर ही गांव में सफाई और विकास कार्य किया जाता है।
इनके जाने के बाद सफाई तो दूर गांव में कोई अफसर झांकने तक नहीं आता है। इस बाबत एसडीएम सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि रोपनछपरा गांव में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
हेलीपैड और मंच का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।